पत्नी से विवाद के बाद युवक ने सिर में मार ली गोली गोरखनाथ इलाके का मामला, गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती
गोरखनाथ क्षेत्र की सुभाष चंद्र बोस नगर कॉलोनी में शुक्रवार की रात एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद अपने सिर में गोली मार ली। बताया जा रहा है कि गोली आर-पार हो गई। पुलिस ने गंभीर हालत में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस ने एक अवैध पिस्टल बरामद की है और मामले की जांच कर रही है। गोरखनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि संतकबीरनगर जिले के मेहदावल का रहने वाला अमित त्रिपाठी की पत्नी और 10 वर्षीय बच्चे के साथ सुभाष चंद्र बोस नगर कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रहता है। टैक्सी चलाकर वह जीवन-यापन करता है। शुक्रवार की रात वह शराब के नशे में घर आया। इस पर पत्नी से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद वह छत पर गया और अपने सिर में गोली मार ली। गोली आर-पार हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी छत पर गई तो अमित खून से लथपथ पड़ा था। सूचना पर पहुंची गोरखनाथ पुलिस ने अमित को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। छत से पुलिस ने अवैध पिस्टल बरामद की है।